पीलीभीत। बेनहर पब्लिक स्कूल में आयोजित समर कैंप के चौथे एवं पांचवें दिन विभिन्न खेल, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। यह पूरा कार्यक्रम विद्यालय की प्रधानाचार्या करिश्मा सैहमी, मैनेजिंग डायरेक्टर गुरदित्त सिंह सैहमी एवं समर कैंप इंचार्ज रोशनी बग्गा, नेहा पांडेय और निर्मला शर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने पूरे जोश और उमंग के साथ सहभागिता कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कैंप के चौथे दिन माध्यांतर के बाद कई खेल प्रतियोगिताएँ संपन्न कराई गईं। वॉलीबॉल बॉयज सीनियर वर्ग में सॉलिस हाउस ने प्रथम, नोवा हाउस ने द्वितीय एवं लूना हाउस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं थ्रो बॉल बॉयज जूनियर वर्ग में नोवा हाउस प्रथम स्थान पर रहा, जबकि टेबल टेनिस की विभिन्न प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 28 मई की शाम को आयोजित रेन डांस और आकर्षक फैशन शो ने समर कैंप को यादगार बना दिया। रेन डांस के दौरान बच्चों ने संगीत की धुनों पर जमकर आनंद लिया, जहाँ राजेंद्र, अमन, देव, जयदीप, त्रिलोक एवं साक्षी सहित अन्य शिक्षकों ने उपस्थित रहकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इसके बाद हुए फैशन शो में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे सफल बनाने में सुलभ आनंद, दीपक वशिष्ठ, दीक्षा एवं आर्ची का विशेष योगदान रहा।
फैशन शो प्रतियोगिता के शिक्षक वर्ग में अमोल सक्सेना प्रथम, सुलभ आनंद द्वितीय तथा पीयूष जोशी एवं अमित कुमार श्रीवास्तव तृतीय स्थान पर रहे। शिक्षिका वर्ग में अलीना प्रथम, जूही खानम एवं रिदा द्वितीय तथा सुनैना मिश्रा तृतीय स्थान पर रहीं। विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियाँ बच्चों के व्यक्तित्व विकास एवं आत्मविश्वास को नई दिशा प्रदान करती हैं।

समर कैंप के पांचवें दिन यानी 29 मई को मॉर्निंग एक्टिविटी की शुरुआत शोभित बाजपेयी एवं त्रिलोक चंद्र के निर्देशन में योगा क्लास एवं सूर्य नमस्कार से हुई। इसके बाद आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में बॉयज हैंडबॉल के अंतर्गत नोवा हाउस प्रथम, सॉलिस हाउस द्वितीय एवं लूना हाउस तृतीय स्थान पर रहा। सेपक्तकराव सीनियर वर्ग में लूना हाउस ने पहला स्थान पाया, जबकि गर्ल्स थ्रो बॉल में सॉलिस हाउस की टीम प्रथम रही। इन खेल प्रतियोगिताओं में देव सिंह, त्रिलोक चंद्र, अमन सिंह एवं राजेंद्र मौर्य ने रेफरी की भूमिका निभाई।
खेलों के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए मार्बल आर्ट, सेल्फ ग्रूमिंग, सॉफ्ट स्किल्स एवं टेबल मैनर्स जैसी ज्ञानवर्धक गतिविधियाँ भी आयोजित की गईं। इसके अतिरिक्त मैनेजिंग ट्रस्टी गुरदित्त सिंह सैहमी एवं उनकी टीम के निर्देशन में एक रोमांचक ट्रेजर हंट एक्टिविटी कराई गई, जिसमें बच्चों ने बेहतरीन टीमवर्क और बुद्धिमत्ता का प्रदर्शन किया। साथ ही, संगीता दुग्गल, आमरीन एवं रीना राय के मार्गदर्शन में “मास्टरशेफ बेन-हर” गतिविधि का आयोजन हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने स्वादिष्ट एवं रचनात्मक व्यंजन बनाकर अपनी पाक-कला का परिचय दिया। इन सभी गतिविधियों ने बच्चों में रचनात्मकता का संचार किया।