​पीलीभीत।जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को गांधी सभागार में रेड क्रॉस प्रबंध समिति और कार्यकारिणी समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान समिति के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने इसकी कार्यप्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता और उत्तरदायित्व बनाए रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस सोसाइटी समाजसेवा और जनहित के कार्यों से जुड़ी एक अत्यंत महत्वपूर्ण संस्था है, इसलिए इसके द्वारा आयोजित होने वाले रक्तदान शिविरों एवं अन्य सामाजिक कार्यक्रमों की सूचना सभी सदस्यों को समय से उपलब्ध कराई जानी चाहिए। इसके साथ ही बैठक में रेड क्रॉस समिति के आजीवन सदस्यों की सूची का गहन सत्यापन कराने के आदेश जारी किए गए और सदस्यों द्वारा संस्था की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) बुलाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
​बैठक में सोसाइटी के नवीन गठन को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई, जिसके तहत जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के अनुरूप समयबद्ध ढंग से नया गठन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समिति में केवल सक्रिय, समाजसेवा के प्रति समर्पित और योग्य व्यक्तियों को ही प्राथमिकता दी जाए ताकि जरूरतमंद लोगों तक प्रभावी ढंग से सहायता और सेवाएं पहुंचाई जा सकें और संस्था की गतिविधियों को और अधिक गतिशील बनाया जा सके। इस समीक्षा बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आलोक कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजीव कुमार, सचिव कौशलेन्द्र भदौरिया, राज्य प्रबंध समिति सदस्य डॉ. अमिताभ अग्निहोत्री, परवेज हनीफ, सुखवीर भदौरिया, हर्षल सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं समिति से जुड़े अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *