रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में आज सुबह रफ्तार के कहर ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। बिलासपुर मार्ग पर रिंग रोड फ्लाईओवर के समीप एक तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार फल विक्रेता को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में फल विक्रेता गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से ग्राम चन्दन फार्म (बिलासपुर) निवासी 40 वर्षीय तौफीक अहमद रुद्रपुर की प्रीत विहार कॉलोनी में फल का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। रविवार सुबह वह हर रोज की तरह अपने घर से साइकिल पर सवार होकर प्रीत विहार में ठेला लगाने के लिए निकला था।

पीछे से आ रही कार ने मारी जोरदार टक्कर
चश्मदीदों के मुताबिक, तौफीक जैसे ही बिलासपुर मार्ग पर रिंग रोड फ्लाईओवर के पास पहुँचा, तभी पीछे से बेहद तेज गति में आ रही एक दिल्ली नंबर की कार (संख्या: DL 8CBL 9745) के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तौफीक सड़क पर दूर जा गिरा और लहूलुहान हो गया। हादसे में कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

इलाज के दौरान डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायल तौफीक को कार चालक की ही मदद से तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया। इस बीच सूचना मिलते ही बदहवास परिजन भी मौके पर पहुँच गए और वे तौफीक को लेकर जिला चिकित्सालय भागे। हालांकि, जिला अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद तौफीक को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से हर किसी की आंखें नम हो गईं। मृतक तौफीक अपने पीछे पत्नी सहित चार पुत्रों और दो पुत्रियों का रोता-बिलखता परिवार छोड़ गया है।

कार चालक हिरासत में, वाहन पुलिस के कब्जे में
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम जिला अस्पताल और घटना स्थल पर पहुँची। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना में शामिल कार और क्षतिग्रस्त साइकिल को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi