​पीलीभीत| अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय (एबीवीएमयू), उत्तर प्रदेश में आयोजित बोर्ड ऑफ स्टडीज़ (बायोकैमिस्ट्री) की एक महत्वपूर्ण बैठक में पीलीभीत के स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय को एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। महाविद्यालय की बायोकैमिस्ट्री विभाग की वरिष्ठ संकाय सदस्य डॉ. शिखा सक्सेना को मतदान द्वारा सर्वसम्मति से बोर्ड ऑफ स्टडीज़ (बायोकैमिस्ट्री) का सचिव निर्वाचित किया गया है।
​यह बैठक विश्वविद्यालय के कुलपति मेजर जनरल डॉ. अमित देवगन एवं डीन मेडिकल डॉ. लोकेश अग्रवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के लगभग 30 प्रोफेसर्स और विषय विशेषज्ञ उपस्थित रहे। बैठक के दौरान चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता, नवीन पाठ्यक्रम, अनुसंधान गतिविधियों तथा विषय के शैक्षणिक विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन चर्चा की गई, जिसके बाद मतदान प्रक्रिया के जरिए डॉ. शिखा सक्सेना को इस जिम्मेदारी के लिए चुना गया।
​महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. अरुण सिंह ने इस चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि डॉ. शिखा सक्सेना की शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं नेतृत्व क्षमता का प्रमाण तो है ही, साथ ही पीलीभीत मेडिकल कॉलेज के लिए भी बड़े गौरव की बात है। उनके इस पद पर आने से महाविद्यालय की शैक्षणिक और अनुसंधान गतिविधियों को एक नई दिशा मिलेगी। वहीं, महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. संगीता अनेजा ने डॉ. शिखा सक्सेना को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता और संकाय सदस्यों की सक्रिय भूमिका को दर्शाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. शिखा सक्सेना अपने व्यापक अनुभव और नेतृत्व क्षमता से विश्वविद्यालय स्तर पर चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *