रुद्रपुर। जनपद में अवैध कच्ची शराब के काले कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र सिंह बिष्ट के निर्देश पर विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत रुद्रपुर और काशीपुर क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। इस संयुक्त कार्रवाई में आबकारी टीमों ने अवैध शराब निर्माण कर रही 8 सक्रिय भट्टियों को ध्वस्त कर दिया, जबकि करीब 20,000 किलोग्राम (20 टन) लहन (कच्चा माल) और उपकरण मौके पर ही नष्ट कर दिए। टीमों ने मौके से कुल 300 लीटर तैयार अवैध कच्ची शराब बरामद कर आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए हैं।

रुद्रपुर-हल्द्वानी टीम की पहली बड़ी स्ट्राइक
अभियान के पहले चरण में क्षेत्र-1 रुद्रपुर की जनपदीय प्रवर्तन टीम और मंडलीय प्रवर्तन दल हल्द्वानी ने संयुक्त रूप से ग्राम अर्जुनपुर और ग्राम अमरपुर में दबिश दी। यहाँ बड़े पैमाने पर चल रहे अवैध नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए टीम ने कच्ची शराब बना रही 6 भट्टियों को मौके पर ही उखाड़ फेंका। इसके साथ ही शराब बनाने के लिए ड्रमों और गड्ढों में छुपाकर रखा गया लगभग 14,000 किलो लहन नष्ट किया गया। मौके से 220 लीटर अवैध कच्ची शराब जब्त की गई है। इस कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक सोनू सिंह सहित हल्द्वानी व रुद्रपुर का पूरा आबकारी स्टाफ मुस्तैद रहा।

काशीपुर में कोसी नदी किनारे जंगल में छापेमारी
दूसरी तरफ, आबकारी विभाग की दूसरी टीम ने क्षेत्र-3 काशीपुर के अंतर्गत कोसी नदी के किनारे स्थित ग्राम मुकुंदपुर में एक स्टोन क्रेशर के पास घने जंगलों में छापेमारी की। आबकारी निरीक्षक दिवाकर चौधरी के नेतृत्व में आबकारी स्टाफ ने जंगल के भीतर छिपाई गई 2 सक्रिय अवैध भट्टियों को नष्ट किया। यहाँ भी टीम ने 6,000 किलो लहन को बहाकर नष्ट कर दिया और 80 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। इस मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत 2 अलग-अलग अभियोग पंजीकृत किए गए हैं।

जिला आबकारी अधिकारी एम.एस. बिष्ट ने बताया कि जंगलों और ग्रामीण इलाकों में छुपकर अवैध कारोबार करने वाले मुख्य माफियाओं की तलाश की जा रही है। इसके लिए स्थानीय ग्रामीणों से भी गोपनीय इनपुट और जानकारियां इकट्ठा की जा रही हैं, ताकि इस नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके। विभाग ने चेतावनी दी है कि जिले में अवैध और जहरीली शराब के धंधेबाजों के खिलाफ यह कड़ा अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *