पीलीभीत। जनपद की कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने और पुलिस बल में अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान एसपी ने सबसे पहले शुक्रवार परेड की सलामी ली और उसके बाद समस्त पुलिसकर्मियों को परेड व शस्त्र ड्रिल का अभ्यास कराया। निरीक्षण का मुख्य केंद्र पुलिसकर्मियों की शारीरिक दक्षता और आपातकालीन स्थितियों से निपटने की उनकी तैयारी रही।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने यूपी-112 की पीआरवी (पायलट रिस्पांस व्हीकल) गाड़ियों की सघन चेकिंग की। उन्होंने वाहनों के चालकों से संवाद कर गाड़ियों की यांत्रिक स्थिति और फील्ड में आने वाली संभावित समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। एसपी ने पीआरवी वाहनों में उपलब्ध जीवन रक्षक उपकरणों की जांच की और पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि आपातकालीन परिस्थितियों में इन उपकरणों का त्वरित और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए ताकि पीड़ितों को तत्काल राहत मिल सके।

शस्त्रों के रख-रखाव पर जोर देते हुए एसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को हथियारों के सुरक्षित संचालन और उनके प्रभावी प्रयोग के संबंध में कड़े दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी के दौरान अनुशासन और सतर्कता में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परेड के उपरांत उन्होंने पुलिस लाइन परिसर की विभिन्न शाखाओं का भ्रमण किया और प्रतिसार निरीक्षक (RI) को परिसर में स्वच्छता बनाए रखने व सुव्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस लाइन के अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)