अमरिया (पीलीभीत)। विकास खंड अमरिया के कंपोजिट विद्यालय भंगा मोहम्मद गंज में शुक्रवार को अभिभावक-शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित स्टेट रिसोर्स ग्रुप सदस्य अमित पाठक ने शिक्षा की गुणवत्ता और शासन की नवीन योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को नियमित विद्यालय भेजें और घर पर उनके गृहकार्य की जांच अवश्य करें। आगामी ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान भी बच्चों की पढ़ाई निरंतर जारी रखने हेतु उन्होंने होमवर्क पूरा कराने पर जोर दिया।
डिजिटल जनगणना के लिए किया प्रेरित
अमित पाठक ने अपने संबोधन में एक महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस बार जनगणना का कार्य पूर्ण रूप से डिजिटल माध्यम से किया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से आह्वान किया कि 21 मई 2026 तक अपनी ‘स्व-गणना’ प्रक्रिया खुद पूरी कर सरकार के इस डिजिटल अभियान में सहयोग प्रदान करें। इसके साथ ही उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि ‘निपुण लक्ष्य ऐप’ के माध्यम से बच्चों का नियमित आकलन करें और उनके लर्निंग आउटकम में सुधार हेतु अभिभावकों से निरंतर संपर्क बनाए रखें।

डीबीटी और अन्य योजनाओं की दी जानकारी
विद्यालय के प्रधानाध्यापक खेमपाल सिंह ने अभिभावकों को अवगत कराया कि डीबीटी की प्रक्रिया गतिमान है और जल्द ही यूनिफॉर्म व अन्य सामग्री की धनराशि उनके खातों में पहुंच जाएगी। उन्होंने आग्रह किया कि ग्रीष्म अवकाश के बाद जब विद्यालय खुलें, तो सभी बच्चे निर्धारित गणवेश (यूनिफॉर्म) में ही स्कूल आएं। शिक्षक प्रवीण कुमार शुक्ला ने छात्रों के उज्जवल भविष्य के लिए संचालित ‘राष्ट्रीय आविष्कार अभियान’ और ‘अटल आवासीय विद्यालय’ जैसी लाभकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
अभिभावकों ने लिया बेहतर शिक्षा का संकल्प
बैठक के दौरान लालाराम, हर प्रसाद, शमशाद अहमद, शकील अहमद, सलीम अहमद और फाइजा नूर ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अभिभावकों ने विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने और बच्चों के सर्वांगीण विकास में अपना पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया।