सितारगंज। नगर पालिका परिषद सितारगंज क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य वित्त आयोग से प्राप्त लगभग 6 करोड़ 83 लाख रुपये की धनराशि से नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में 52 विकास कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और ठेकेदारों की नियुक्ति भी हो चुकी है। इसके साथ ही विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया तेज हो गई है।

पालिका प्रशासन के अनुसार प्रस्तावित कार्यों में सड़क निर्माण एवं मरम्मत, नालों और जल निकासी व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण, नगर सौंदर्यीकरण, सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण, टचिंग ग्राउंड, बारात घर तथा अन्य जनसुविधाओं से जुड़े विकास कार्य शामिल हैं। लंबे समय से उपेक्षित वार्डों की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता दी गई है, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

नगर के कई क्षेत्रों में बरसात के दौरान जलभराव और जर्जर सड़कों की समस्या बनी रहती है। ऐसे में नाला निर्माण और सड़क सुधार कार्यों से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं सार्वजनिक शौचालयों और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों से शहर की स्वच्छता और सुंदरता में भी सुधार होगा।

पालिका प्रशासन ने बताया कि बृहस्पतिवार को निविदाएं खोले जाने के बाद संबंधित ठेकेदारों की नियुक्ति कर दी गई है। सभी कार्य निर्धारित मानकों और समयसीमा के अनुसार कराए जाएंगे तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। निर्माण कार्यों को चरणबद्ध तरीके से जल्द शुरू किया जाएगा।

पालिकाध्यक्ष सुखदेव सिंह ने कहा कि नगर के सर्वांगीण विकास के लिए पालिका लगातार प्रयासरत है। राज्य वित्त आयोग से मिली धनराशि का उपयोग जनहित और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्य तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे कराए जाएंगे, ताकि नगरवासियों को उनका प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *