रुद्रपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार गोस्वामी ने देहरादून में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान सीएमओ ने ऊधमसिंह नगर जिले में संचालित स्वास्थ्य योजनाओं, उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों की प्रगति के संबंध में स्वास्थ्य मंत्री को विस्तार से जानकारी दी।

सीएमओ ने जिले में चिकित्सकों और अन्य पैरामेडिकल स्टाफ की कमी का मुद्दा भी स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि स्टाफ की कमी के कारण स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में चुनौतियां सामने आती हैं। इस पर स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने जल्द से जल्द चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की कमी को पूरा करने का आश्वासन दिया।

स्वास्थ्य मंत्री ने जिले में अन्य आवश्यक स्वास्थ्य संसाधनों की कमी को भी जल्द पूरा करने का भरोसा दिलाया। सीएमओ ने जिले में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आने की जानकारी दी, जिस पर स्वास्थ्य मंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की।

इस दौरान सीएमओ ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जिले में किए जा रहे कार्यों की प्रगति से भी स्वास्थ्य मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

सीएमओ डॉ. एसके गोस्वामी ने प्रधानमंत्री के विशेष निर्देशों के क्रम में जिले में टीबी मुक्त भारत कार्यक्रम के तहत किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद में टीबी उन्मूलन कार्यक्रम पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और इसके तहत निर्धारित गतिविधियों को प्राथमिकता के साथ संचालित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi