रुद्रपुर (लालपुर)। ऑल इंडिया शतरंज फेडरेशन और उत्तराखंड शतरंज फेडरेशन के तत्वावधान में रुद्रपुर के भारतीयम इंटरनेशनल स्कूल, लालपुर में पांच दिवसीय स्व. श्री धीरज सिंह रघुवंशी मेमोरियल ओपन शतरंज प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। बुधवार को जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, फेंसिंग फेडरेशन एशिया के अध्यक्ष राजीव मेहता और शतरंज फेडरेशन इंडिया के अध्यक्ष भरत सिंह चौहान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
देशभर से पहुंचे 260 खिलाड़ी
इस प्रतिष्ठित ऑल इंडिया ओपन शतरंज प्रतियोगिता में भारत के विभिन्न राज्यों से कुल 260 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। पांच दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में शतरंज की बिसात पर खिलाड़ी अपनी चालों से दिमाग का लोहा मनवाएंगे।

शतरंज मानसिक स्वास्थ्य के लिए वरदान: जिलाधिकारी
बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शतरंज एक ऐसा खेल है जो दिमाग को तेज करता है। उन्होंने कहा, “शतरंज खेलने वालों को बुढ़ापे में मनोअवसाद (Depression) जैसी समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ता। आज इंटरनेट पर इस खेल की हर बारीकी मौजूद है, जिससे बच्चे आसानी से सीख सकते हैं।” उन्होंने खिलाड़ियों को ओलंपिक तक पहुंचने का लक्ष्य बनाने और नियमित अभ्यास करने की सलाह दी।

इनकी रही मौजूदगी
कार्यक्रम के दौरान देवभूमि एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय चड्डा, महासचिव मनोज खेड़ा, ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. डीके सिंह, रश्मि आनंद (प्रधानाचार्य, भारतीयम इंटरनेशनल स्कूल) सहित शतरंज फेडरेशन के कई पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)