पीलीभीत। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार विकास खंड बिलसंडा में खंड विकास अधिकारी अमित शुक्ला की अध्यक्षता में ‘ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति’ की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में संरक्षण अधिकारी रमनदीप कौर ने समिति के सदस्यों का स्वागत करते हुए बैठक के मुख्य उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस समिति का प्राथमिक लक्ष्य जनपद के जरूरतमंद और वंचित बच्चों को विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें मुख्यधारा में लाना है।
​बैठक के दौरान उपस्थित सदस्यों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन और स्पॉन्सरशिप योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर बाल विवाह के गंभीर दुष्परिणामों पर चर्चा करते हुए ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के तहत सभी को शपथ दिलाई गई। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत 7 बच्चियों को ‘हिमालया किट’ का वितरण भी किया गया।


​जागरूकता अभियान के क्रम में प्राथमिक विद्यालय बिलसंडा, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलसंडा में भी विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में स्कूल स्टाफ, स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक और शिक्षकों ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया। वहीं, दूसरी ओर थाना माधोटांडा में भी पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों को बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई और उन्हें महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं से अवगत कराया गया। इस दौरान महिला कल्याण विभाग से संरक्षण अधिकारी रमनदीप कौर, काउंसलर अभिषेक शुक्ला और मनिस्ता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *