बनबसा (चंपावत)। घने कोहरे और विषम परिस्थितियों के बीच सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता और मानवीय संवेदना का परिचय दिया है। 57वीं वाहिनी SSB के जवानों ने बनबसा के समीप नहर में गिरे एक वाहन और उसके चालक को सुरक्षित बचाकर बड़ी अनहोनी को टाल दिया।

आधी रात को चला रेस्क्यू ऑपरेशन
जानकारी के अनुसार, बीती रात (5 फरवरी) लगभग 9:50 बजे सवारी वाहन संख्या UK-03TA-0604 घने कोहरे के कारण अनियंत्रित होकर SSB समवाय बनबसा के पास नहर में जा गिरा। घटना की सूचना मिलते ही कार्यवाहक कमांडेंट श्री दीपक सिंह जायाड़ा के निर्देशन में सहायक कमांडेंट श्री सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में QRT टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

साहस से बचाई चालक की जान
कड़ाके की ठंड और अंधेरे के बावजूद SSB कार्मिकों ने नहर में उतरकर वाहन चालक आकाश सैनी को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई। रात के समय सुरक्षा कारणों से वाहन को नहर में ही सुरक्षित छोड़ दिया गया था।

सुबह निकाला गया वाहन
आज सुबह (6 फरवरी) SSB की टीम और स्थानीय नागरिकों ने संयुक्त अभियान चलाकर कड़ी मशक्कत के बाद वाहन को बिना किसी क्षति के नहर से बाहर निकाल लिया। इस पूरे अभियान में सहायक उप निरीक्षक हंसराज, मुख्य आरक्षी विजय कुमार, सुरेंद्र सिंह, गोरखनाथ सिंह और आरक्षी नीतीश, अर्जुन, जितेंद्र व अभिषेक ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

एसएसबी द्वारा दिखाई गई इस तत्परता और साहस की स्थानीय जनता द्वारा जमकर सराहना की जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *