तिरुवनंतपुरम। केरल का प्रसिद्ध सबरीमला पहाड़ी मंदिर आज (16 जुलाई) शाम से मासिक पूजा के लिए श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोला जाएगा। मंदिर में श्रद्धालु 21 जुलाई तक भगवान अयप्पा के दर्शन कर सकेंगे।
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए इस बार भी केवल वर्चुअल कतार (Virtual Queue) प्रणाली के माध्यम से प्रवेश की व्यवस्था की है। बिना पूर्व ऑनलाइन बुकिंग के श्रद्धालुओं को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
हर महीने आयोजित होने वाली विशेष पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु सबरीमला पहुंचते हैं। प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए दर्शन करें।