​अमरिया PILIBHIT। शादी में मिले दहेज से असंतुष्ट होकर अतिरिक्त कार और पांच लाख रुपये नकदी की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी देकर घर से निकाल दिया। इस संबंध में पीड़िता के पिता की ओर से पुलिस में मामला दर्ज कराया गया है।
​ग्राम जिठनिया निवासी इरशाद ने पुलिस को सौंपी गई शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री शीबा का विवाह लगभग छह वर्ष पूर्व उत्तराखंड के थाना सितारगंज स्थित गोरी खेड़ा निवासी सारिफ के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से संपन्न कराया था। विवाह के समय उन्होंने अपनी क्षमता अनुसार पर्याप्त दान-दहेज भी दिया था। हालांकि, शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज के रूप में कार और पांच लाख रुपये की मांग को लेकर शीबा का शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न करने लगे।
​पीड़ित पिता के अनुसार, उन्होंने पूर्व में ससुराल पक्ष को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन उनके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया। बीते 2 सितंबर को पति सारिफ, सास, ससुर तथा ननद व देवरों ने लामबंद होकर शीबा के साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी किए बिना वापस आने पर उसे जान से मार दिया जाएगा और उसे घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2026 Adhunik Duniya | Owned by Akash Singh | Maintained by Lalit Rastogi