​पीलीभीत/पूरनपुर। रामपुर के अधिवक्ता फारूक अहमद खान की निर्मम हत्या के विरोध में आज पीलीभीत और पूरनपुर के वकीलों ने न्यायिक कार्यों का पूर्ण बहिष्कार कर सड़कों पर उतरकर जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। संयुक्त बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव अवस्थी के नेतृत्व में सैकड़ों अधिवक्ताओं ने जुलूस निकालकर आक्रोश व्यक्त किया और प्रदेश की राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह को सौंपा। अधिवक्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हुए, तो यह आंदोलन और अधिक उग्र होगा।
​ज्ञापन के माध्यम से अधिवक्ताओं ने सरकार से ‘एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट’ को तत्काल प्रभाव से लागू करने की पुरजोर मांग की। साथ ही, मृतक अधिवक्ता फारूक अहमद के हत्यारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने, पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान करने की मांग उठाई गई।

जिलाधिकारी ने प्रदर्शनकारियों को उचित कार्यवाही और मांगों को शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन में आलोक नगाइच, सरोज वाजपेयी, महासचिव विद्याराम वर्मा, मोहन स्वरूप, विजय कुमार सिंह, विमल कुमार और फैजान अली खान सहित भारी संख्या में वकील शामिल रहे।
​वहीं, पूरनपुर में भी प्रगतिशील अधिवक्ता एसोसिएशन के बैनर तले वकीलों ने न्यायिक कार्य से विरत रहकर अपना विरोध दर्ज कराया। एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सक्सेना के नेतृत्व में तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन और सभा का आयोजन किया गया। इसके उपरांत मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी पूरनपुर को सौंपा गया, जिसमें वकीलों की सुरक्षा और रामपुर कांड के दोषियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजने की मांग की गई। इस प्रदर्शन के दौरान तहसील परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के प्रति गहरा रोष देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *