नोएडा। उत्तर प्रदेश की नोएडा और ग्रेटर नोएडा पुलिस को आस्था के नाम पर जालसाजी करने वाले एक बड़े गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने हज और उमरा यात्रा के नाम पर देश के अलग-अलग राज्यों के दर्जनों निर्दोष लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर बीटेक पास ठग तस्लीम साद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को ग्रेटर नोएडा वेस्ट (GreNo West) की एक हाईराइज सोसाइटी से घेराबंदी कर दबोचा है।

‘तोहिद उमरा’ कंपनी बनाकर बिछाया था जाल
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किया गया आरोपी तस्लीम साद उच्च शिक्षित (बीटेक पास) है। उसने अपने साथी शोहेब के साथ मिलकर ‘तोहिद उमरा’ नाम से एक फर्जी ट्रैवल कंपनी बनाई थी। इस कंपनी के जरिए वह सीधे-सादे और धार्मिक लोगों को बेहद सस्ते और आकर्षक हज व उमरा पैकेज देने का लालच देता था। जब लोग उसके झांसे में आकर अपनी गाढ़ी कमाई उसके खातों में ट्रांसफर कर देते थे, तो वह उनके फोन उठाना बंद कर देता था और फरार हो जाता था।

46 लाख की ठगी का खुलासा, अलग-अलग राज्यों में 9 केस दर्ज
पुलिस की शुरुआती जांच और पूछताछ में अब तक करीब 46 लाख रुपये की ठगी की परतें खुल चुकी हैं। आरोपी तस्लीम साद के खिलाफ उत्तर प्रदेश, दिल्ली और देश के अन्य अलग-अलग राज्यों में जालसाजी और धोखाधड़ी के 9 गंभीर मुकदमे पहले से ही दर्ज हैं। पुलिस अब इसके बैंक खातों और ट्रांजैक्शन की डिटेल खंगाल रही है, जिससे ठगी का यह आंकड़ा और अधिक बढ़ने की उम्मीद है।

धंधे में घाटा हुआ, तो शुरू किया ठगी का धंधा
पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी तस्लीम को पहले अपने वैध कारोबार में भारी घाटा हुआ था। इस घाटे और कर्ज से उबरने के लिए उसने लोगों की धार्मिक आस्था से खिलवाड़ करने का शॉर्टकट रास्ता चुना। उसने सोचा कि हज यात्रा के नाम पर लोग आसानी से भरोसा कर लेते हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है, जबकि उसके फरार साथी शोहेब की तलाश में पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।


Site designed and maintained by Lalit Rastogi